इतिहास का महत्व Itihas ka mahatva


इतिहास का महत्व

इतिहास मानवीय जीवन के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। अतीत के आधार के बिना भविष्य और वर्तमान दोनों ही महत्वहीन हैं। किसी भी राष्ट्र का विकास अतीत की उपलब्धियों के आधार पर ही सही दिशा धारण करता है। इतिहास का महत्व कई माध्यमों से आँका जा सकता है। जो निम्न प्रकार हैं-

(1) इतिहास के अध्ययन से गलत धारणाओं का अन्त होता है इतिहास वास्तविक तथ्यों के आधार पर लिखा जाता है अतः वह समाज में प्रचलित कई तरह की गलत धारणाओं, मान्यताओं अन्धविश्वासों, परम्परागत अमानवीय मूल्यों को समाप्त करता है। समाज में कई तरह की कुरीतियाँ तथा अन्धविश्वासों प्रचलित होते हैं और उनके पीछे यह मान्यता कार्य करती है कि ऐसा सदियों से हो रहा है, जबकि ऐतिहासिक तथ्य इसके विपरीत होते हैं।

(2) इतिहास प्रेरणाप्रद होता है अतीत की घटनाएँ हमेशा ही भविष्य के लिए प्रेरणा देने वाली होती हैं। यह प्रेरणा दो तरह से मिलती है। एक तो सकारात्मक रूप में और दूसरी नकारात्मक रूप में।

इतिहास में बहुत-सी घटनाएँ ऐसी होती हैं जो हमें उस तरह के कार्य करने के लिए प्रेरणा देती हैं। इसके अलावा कुछ चरित्र भी हमें प्रेरणा देते हैं। नकारात्मक रूप में हमें इतिहास अतीत में हुई गलतियों से सावधान रहने और उन्हें न करने की प्रेरणा मिलती है।

(3) इतिहास विवेक और ज्ञान प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य करता है- बेकन ने कहा है कि " इतिहास मनुष्य को विवेकपूर्ण बनाता है।" इतिहास की घटनाएँ हमें अच्छे-बुरे के बीच निर्णय करने का विवेक देती हैं। हम इतिहास से यह जान सकते हैं कि छोटी-छोटी गलतियों ने हमें कितना नुकसान पहुँचाया है और अब हमें इनसे सावधान रहना चाहिए।

(4) जीवन मूल्यों का अक्षय स्रोत इतिहास मानवीय जीवन और घटनाओं के माध्यम से समाज को जीवन मूल्यों की जानकारी अपनाने की प्रेरणा देता है। अपने देश और समाज के कौन से मूल्य और परम्पराएँ हमारे लिए उपयोगी हैं और कौन सी अनुपयोगी; किन मूल्यों को हमें ग्रहण करके अपनाना चाहिए और किन मूल्यों को छोड़ देना चाहिए। इस बात का ज्ञान भी हमें इतिहास से ही मिलता है।